
100 युवा एम्बेसडर्स ने एनआईटी के एआई सेंटर, तकनीकी लैब, स्टार्टअप और बीपीओ संस्थानों का किया भ्रमण
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल से विद्यार्थियों को मिला करियर, नवाचार और उद्यमिता की व्यावहारिक जानकारी
धमतरी। जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार, उद्यमिता और रोजगार के नए अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 100 युवा एम्बेसडर्स एवं 10 फैकल्टी सदस्यों का रायपुर शैक्षणिक एवं औद्योगिक एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।
एनआईटी के एआई सेंटर और तकनीकी प्रयोगशालाओं का किया अवलोकन।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के एआई सेंटर और तकनीकी प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। यहां उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी शिक्षा की संभावनाओं की जानकारी मिली। इसके अलावा विद्यार्थियों ने इनोव8, कुर्सी एवं वर्की को-वर्किंग सेंटर, बीपीओ और अन्य व्यावसायिक संस्थानों का भी भ्रमण किया।
स्टार्टअप और बीपीओ संस्थानों में समझी रोजगार एवं उद्यमिता की कार्यप्रणाली
इस दौरान विद्यार्थियों ने स्टार्टअप की कार्यप्रणाली, नए विचारों को व्यवसाय में बदलने की प्रक्रिया, कंपनियों के संचालन तथा रोजगार के लिए जरूरी तकनीकी दक्षता, संचार कौशल और टीमवर्क की जानकारी प्राप्त की। उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि बदलते समय में करियर बनाने के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी जरूरी है।
अगले भ्रमण में एआई में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी प्राथमिकता
कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक और उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव देना जरूरी है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों का दृष्टिकोण व्यापक होगा और उन्हें करियर एवं उद्यमिता के क्षेत्र में बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी। आगामी भ्रमण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से जिले के अधिकाधिक विद्यार्थियों को ऐसे एक्सपोजर विजिट का अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। अगले समूह का रायपुर भ्रमण भी शीघ्र आयोजित किया जाएगा।

