

लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर; फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश
धमतरी। एसपी ने बुधवार को थाना भखारा का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, परेड, पुलिसकर्मियों की वेशभूषा, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, बंदीगृह एवं जब्त सामग्री के रखरखाव का जायजा लिया एवं उत्कृष्ट परेड और बेहतर टर्नआउट वाले कर्मचारियों की सराहना कर उन्हें पुरस्कृत भी किया।
रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के निर्देश
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण साहू से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए एसपी ने विवेचकों को मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा, नशीले पदार्थों और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर दिया।
फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार और जवाबदेह पुलिसिंग पर जोर
महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों, गंभीर मामलों और न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ समंस-वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई की जाए।
एसपी ने थाना परिसर में स्वच्छता एवं पौधरोपण, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा पुलिसकर्मियों को नियमित शारीरिक फिटनेस और शस्त्र अभ्यास करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने पुलिस स्टाफ का दरबार लेकर उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं और निराकरण का आश्वासन दिया।इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण साहू सहित थाना भखारा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

