एआई और डिजिटल तकनीक से युवाओं को जोड़ने की पहल, विद्यार्थियों को बताए रोजगार और स्टार्टअप के अवसर

‘युवा धमतरी’ कार्यक्रम में कौशल विकास, स्वरोजगार और नवाचार पर प्रशिक्षण, युवाओं को रोजगार सृजनकर्ता बनने किया प्रेरित

धमतरी। युवाओं को आधुनिक तकनीक और नए कौशल से जोड़कर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने जिला प्रशासन की ‘युवा धमतरी’ पहल के तहत भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी में विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल तकनीक, कौशल विकास, स्वरोजगार और स्टार्टअप की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

स्टार्टअप, नवाचार और स्वरोजगार की संभावनाओं से कराया परिचित

कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं अमित मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गुड गवर्नेंस क्षेत्र के प्रियांश पांडेय और सीजीएस नेटवर्क के उमेश महलांगे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में युवाओं के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ एआई और डिजिटल तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है। इससे रोजगार के नए अवसरों के साथ स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार सृजनकर्ता बनने किया प्रेरित

कार्यक्रम में ‘युवा धमतरी’ पहल, स्टार्टअप लॉन्चपैड, नवाचार और उद्यमिता पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्थानीय जरूरतों पर आधारित नए विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देकर स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

आधुनिक कौशल से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

इस अवसर पर संस्था के कुंदन कुमार साहू, पूनमचंद, तारजन, एस.के. गजेंद्र, देवेंद्र कुमार एवं सिकंदर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में तकनीकी दक्षता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की सोच विकसित कर उन्हें भविष्य की रोजगार संभावनाओं के लिए तैयार करना रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *