अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, 1,660 कट्टा-बोरी धान जब्त

नगरी क्षेत्र में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, बनरौद नाका से 300 बोरी धान जब्त कर पुलिस को सौंपा

धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है।कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व एवं मंडी विभाग की टीमों द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगरी तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 1,660 कट्टा-बोरी धान जब्त किया गया।

सांकरा, सिंगपुर और नगरी में संयुक्त टीम की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, ग्राम सांकरा में व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के गोदाम से आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर 150 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं, ग्राम सिंगपुर में चैतराम साहू के प्रकरण में 32 कट्टा (12.80 क्विंटल) धान की जब्ती की गई।इसी तरह नगरी में खेमचंद/केवलचंद फर्म के गोदाम की जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज के भंडारित 1,178 कट्टा धान मिला, जिसे मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया। इसके अलावा बनरौद नाका में कार्रवाई करते हुए 300 बोरी धान जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया गया।

धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए प्रशासन की निगरानी तेज

जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन केंद्रों, गोदामों और परिवहन मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण, परिवहन और खरीदी केंद्रों में खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *