स्टॉक पंजी नहीं मिलने पर ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों से 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त

भोयना स्थित दोनों राइस मिलों का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, कस्टम मिलिंग आदेश के तहत हुई कार्रवाई

धमतरी। धान के अवैध भंडारण एवं अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर के निर्देश पर 16 नवंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज और ए.के. राइस इंडस्ट्रीज यूनिट-2 का निरीक्षण किया।

राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने किया भौतिक सत्यापन

अनुविभागीय अधिकारी डॉ. कल्पना ध्रुव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दोनों इकाइयों में भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया गया,जांच के समय फर्म संचालक अकील अहमद खान अनुपस्थित थे। वहीं, मौके पर मौजूद मुंशी सोहेल रजा द्वारा धान एवं चावल से संबंधित स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं की गई।

स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं करने पर प्रशासन ने की कार्रवाई

स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं होने पर जांच दल ने दोनों इकाइयों में भंडारित कुल 32,878 क्विंटल धान (80 हजार कट्टा) एवं 1,425 क्विंटल चावल जब्त किया तथा जब्त खाद्यान्न मौके पर उपस्थित मुंशी सोहेल रजा की सुपुर्दगी में दिया गया।उल्लेखनीय है कि दोनों फर्मों द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा किया जा रहा है। स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं करने पर कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए गोदामों और राइस मिलों का निरीक्षण जारी रहेगा एवं अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *