गंगरेल मड़ई में उमड़ा आस्था का सैलाब, लोकसंस्कृति और परंपराओं की दिखी अनूठी छटा

मां अंगारमोती के दरबार में जुटे विभिन्न गांवों के देवी-देवता, महिलाओं ने निभाई सदियों पुरानी ‘परण’ की परंपरा

धमतरी। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और धार्मिक आस्था का प्रतीक ऐतिहासिक गंगरेल मड़ई शुक्रवार को गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हुई। दीपावली के बाद आने वाले प्रथम शुक्रवार को आयोजित इस पारंपरिक मड़ई में धमतरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

डूबान क्षेत्र सहित बस्तर और केशकाल अंचल के देवी-देवताओं का हुआ आगमन

गंगरेल मड़ई में धमतरी जिले के डूबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के देवी-देवताओं के साथ केशकाल और बस्तर अंचल से भी आंगा देव एवं डांग-डोलियों के पहुंचने की परंपरा रही है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज, पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां अंगारमोती के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मड़ई में महिलाओं ने निभाई पारंपरिक ‘परण’ रस्म

मड़ई का प्रमुख आकर्षण संतान सुख की कामना लेकर पहुंचने वाली महिलाओं द्वारा निभाई जाने वाली पारंपरिक ‘परण’ रस्म रही। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार महिलाएं मां अंगारमोती के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए इस परंपरा में शामिल हुईं,पीढ़ियों से चली आ रही यह रस्म क्षेत्र की विशिष्ट लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

14 नवंबर को हरदानी और हल्दी सहित अन्य पारंपरिक रस्मों का होगा आयोजन

मड़ई के दूसरे दिन 14 नवंबर को हरदानी, हल्दी खेलने सहित विभिन्न पारंपरिक रस्मों का आयोजन किया जाएगा। इसमें अलग-अलग गांवों से पहुंचे देवी-देवता अपने डांग-डोलियों के साथ शामिल होंगे।गंगरेल मड़ई धार्मिक आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का जीवंत उदाहरण है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ क्षेत्रीय पर्यटन को भी पहचान प्रदान करता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *