कल 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, धमतरी जिले में तैयारियां पूरी

1.31 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से 1.22 लाख हेक्टेयर रकबे में उत्पादित धान की होगी खरीदी, उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए किए गए इंतजाम

अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने चेकपोस्ट स्थापित, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और उड़नदस्ता दल गठित

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होगी,जिला प्रशासन ने खरीदी को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

जिले के 1,31,491 पंजीकृत किसानों को मिलेगा धान विक्रय का अवसर

इस वर्ष जिले में कुल 1 लाख 31 हजार 491 किसानों का पंजीयन हुआ है। इनकी कुल पंजीकृत भूमि 1 लाख 30 हजार 659 हेक्टेयर है, जिसमें धान का पंजीकृत रकबा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर है। बड़ी संख्या में किसानों की आवक को देखते हुए उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उपार्जन केंद्रों में सुविधाएं सुनिश्चित

धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, पेयजल, किसानों के बैठने की व्यवस्था, तौल उपकरण, नमी मापक यंत्र, बारदाने और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की गई है।वहीं खरीदी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध धान परिवहन पर रहेगी कड़ी निगरानी

जिले में अवैध धान की आवक रोकने के लिए सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।इसके अलावा खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है,ये दल क्षेत्र में भ्रमण कर अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिक्री पर नजर रखेंगे तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।वहीं कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा अवैध धान की आवक पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *