
23 नवंबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे अभ्यर्थी, जिला पंचायत की वेबसाइट पर सूची उपलब्ध
धमतरी। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिला स्तर पर लेखापाल (संविदा) के 4 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.dhamtari.nic.in एवं www.dhamtari.gov.in पर सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
आवश्यक प्रमाणिक दस्तावेजों के साथ स्वयं उपस्थित होकर या डाक से कर सकेंगे आवेदन
उक्त पदों पर भर्ती के लिए 28 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी कर 22 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित मापदंडों के अनुरूप परीक्षण किया गया। इसके बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर जारी की गई है।जारी सूची के संबंध में किसी अभ्यर्थी को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, तो वे 13 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक कार्यालयीन समय में आवश्यक प्रमाणिक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। दावा-आपत्ति स्वयं उपस्थित होकर अथवा साधारण डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से वीबीजी रामजी शाखा, जिला धमतरी में जमा की जा सकती है।जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार परीक्षण कर पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें और यदि कोई आपत्ति हो, तो निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रमाणिक दस्तावेजों के साथ दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।

