महिला-बाल सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर छह जिलों के अधिकारियों को प्रशिक्षण

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में धमतरी में हुआ एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम

जेजे एक्ट, पॉक्सो और घरेलू हिंसा अधिनियम सहित विभिन्न कानूनों की दी गई जानकारी

धमतरी। महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर धमतरी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में छह जिलों के महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को कानूनों, पुलिस की भूमिका तथा पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

छह जिलों के महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारियों का प्रशिक्षण

कार्यक्रम में धमतरी सहित रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, कांकेर और बालोद जिले के सखी वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर, केस वर्कर, मेडिकल पर्सन, संरक्षण अधिकारी, महिला हेल्प डेस्क के पुलिसकर्मी और विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि शामिल हुए।

जेजे एक्ट, पॉक्सो और घरेलू हिंसा अधिनियम के प्रावधानों की दी गई विस्तृत जानकारी

प्रशिक्षण सत्र में जिला बाल संरक्षण अधिकारी आनंद पाठक ने किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। धनंजय तिवारी ने भारतीय न्याय संहिता, घरेलू हिंसा अधिनियम और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला। एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा (तिवारी) ने महिला सुरक्षा के मामलों में पुलिस की भूमिका और सखी वन स्टॉप सेंटर के साथ समन्वय की आवश्यकता बताई। वहीं दानिश हुसैन ने मानसिक स्वास्थ्य और संवेदनशील परिस्थितियों में पीड़ितों के साथ उचित व्यवहार एवं सहयोग के संबंध में जानकारी दी।

पीड़ितों को न्याय और संरक्षण दिलाने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने की पहल

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भी महिलाओं और बच्चों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तथा न्याय दिलाने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में आयोग की सदस्य सरला कोसरिया और दीपिका सोरी, सचिव रमेश साहू, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन देवहारी, संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम, एसडीएम कल्पना ध्रुव तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महेश मरकाम उपस्थित रहे।प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करना और महिला एवं बाल उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पीड़ितों को त्वरित, प्रभावी एवं संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराने की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *