
जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा होंगे मुख्य अतिथि, दोपहर 12 बजे से होगा आयोजन
जनजातीय संस्कृति, लोककला और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को किया जाएगा याद
धमतरी। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 17 नवंबर को विकासखंड नगरी के ग्राम दुगली में जनजाति गौरव दिवस मनाया जाएगा। दोपहर 12 बजे से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया जाएगा सम्मानित
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को रेखांकित करते हुए समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले जनजातीय वीरों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान का स्मरण किया जाएगा।
लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभागीय प्रदर्शनी से सजेगा आयोजन
आयोजन में जनजातीय लोककला, पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

