
वास्तविक किसानों से धान खरीदी और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर ने जारी किए निर्देश
समिति सदस्य प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 1.30 बजे तक केन्द्रों में रहेंगे उपस्थित, गुणवत्ता और तौल पर रखेंगे नजर
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से 15 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और वास्तविक किसानों को लाभ दिलाने के लिए कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में निगरानी समितियों का गठन किया है। इस संबंध में 5 नवंबर को जारी आदेश में समितियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा जाएगा
आदेश के अनुसार समिति के सदस्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक खरीदी केन्द्रों में उपस्थित रहकर धान की गुणवत्ता, नमी, तौल और खरीदी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। भारत सरकार के एफएक्यू मानकों के अनुरूप धान की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला, अमानक अथवा पुराना धान उपार्जित नहीं किया जाएगा। ऐसे धान के तीन नमूने तैयार कर एक किसान को पावती सहित दिया जाएगा तथा दो नमूने परीक्षण के लिए सुरक्षित रखे जाएंगे।
कोचियों और बिचौलियों पर रहेगी नजर
केन्द्रों में कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से धान विक्रय रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। ऐसे मामलों में प्रकरण दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।वहीं मंडी समितियों के सचिवों को भी नियमित निरीक्षण और मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों की सुविधा पर जोर
प्रत्येक केन्द्र में किसानों से खरीदे गए धान की कृषकवार मात्रा की सूची तैयार कर नोटिस बोर्ड पर एक सप्ताह तक प्रदर्शित की जाएगी। किसानों की शिकायतों का निराकरण, पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता और धान का समयबद्ध परिवहन सुनिश्चित किया जाएगा। समर्थन मूल्य की दर मुख्य द्वार पर प्रतिदिन बैनर के माध्यम से प्रदर्शित होगी एवं इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों का सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है।वहीं कलेक्टर ने एसडीएम, खाद्य विभाग, सहकारिता, विपणन विभाग और राजस्व अधिकारियों सहित संबंधित नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। खरीदी, भुगतान, बारदानों की आपूर्ति या अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना देना अनिवार्य होगा।धान खरीदी से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए जिला विपणन कार्यालय धमतरी का संपर्क नंबर 07722-232808 जारी किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य वास्तविक किसानों से पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित करना है।

