एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह के 13 विद्यार्थियों ने NEET में पाई सफलता, जिले का बढ़ाया गौरव

राधेश्याम का एमबीबीएस और डिंपल का बीएएमएस में चयन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का मिला अवसर

जिला प्रशासन की विशेष नीट कोचिंग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों ने हासिल की उपलब्धि

धमतरी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से धमतरी जिले का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के जीव विज्ञान संकाय के 13 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इनमें छात्र राधेश्याम का एमबीबीएस और छात्रा डिंपल का आयुर्वेद चिकित्सा (बीएएमएस) पाठ्यक्रम में चयन हुआ है। विशेष उपलब्धि के रूप में दोनों विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का आमंत्रण मिला। राष्ट्रपति से भेंट और उनके साथ स्मृति चित्र खिंचवाने का अवसर विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।इस उपलब्धि से विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। यह सफलता बताती है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निरंतर मेहनत से दूरस्थ आदिवासी अंचलों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

राधेश्याम को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में मिली सीट

चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित प्रथम चरण की काउंसलिंग में राधेश्याम को राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर में एमबीबीएस की सीट आवंटित हुई है। वहीं डिंपल ने बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है।

विशेष नीट कोचिंग और शिक्षकों का मार्गदर्शन बना सहारा

राधेश्याम ने कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह से की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, माता-पिता और जिला प्रशासन द्वारा संचालित विशेष नीट कोचिंग को दिया,बताया कि कक्षा बारहवीं के दौरान शिक्षकों ने उन्हें नीट की तैयारी के लिए प्रेरित किया। कोचिंग के साथ वे प्रतिदिन पांच से छह घंटे नियमित अध्ययन करते थे। उनका सपना डॉक्टर बनकर जरूरतमंद और वंचित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।विद्यालय के विद्यार्थियों ने नीट के अलावा जेईई मेन्स, नर्सिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल की है। यह उपलब्धियां विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती हैं।

कलेक्टर ने दी विद्यार्थियों को बधाई

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राधेश्याम, डिंपल सहित नीट में सफल सभी 13 विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में विद्यार्थियों की सफलता उनकी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है।कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की प्रगति में बाधा न बनें।विद्यालय के प्राचार्य ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी समुदाय में प्रतिभा की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित अवसर और निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धि अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *