
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को नाम जुड़वाने का मौका, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों सिहावा, कुरूद और धमतरी में फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू हो गया है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इसके तहत 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केंद्रों में दावा-आपत्तियां ली जाएंगी।
जिले में 6.11 लाख से अधिक मतदाता, कुल 816 मतदान केंद्र
जिले में वर्तमान में कुल 6 लाख 11 हजार 193 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3 लाख 1 हजार 405 पुरुष, 3 लाख 9 हजार 783 महिलाएं और 5 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 816 मतदान केंद्र हैं। पुनरीक्षण की तैयारियों के तहत युक्तियुक्तकरण कर 7 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 3 केंद्रों के भवन, एक के स्थल और 4 केंद्रों के नाम में परिवर्तन किया गया है।
नए मतदाताओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का अवसर
ऐसे भारतीय नागरिक, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या इससे अधिक आयु के हैं और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की भी कार्रवाई होगी। वहीं नाम, उम्र, जन्मतिथि, पता और अन्य प्रविष्टियों में त्रुटि सुधारने के लिए प्रारूप-8 में आवेदन किया जा सकता है।
28 दिसंबर तक होगा दावा-आपत्तियों का निराकरण
निर्धारित अवधि में मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं अभिहित अधिकारी आवेदन प्राप्त करेंगे। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे। उनके नाम संबंधित अर्हता तिथि के अनुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची का अवलोकन कर पात्र युवाओं के नाम जुड़वाएं तथा मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और त्रुटियों में सुधार के लिए निर्धारित समय में आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

