

पहले दिन के लिए 83 केंद्रों में 554 किसानों ने कटाए टोकन, करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित
धमतरी। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जिले में 8 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं,इससे साथ ही धान खरीदी केंद्रों की संख्या 100 से बढ़कर 108 हो गई है। जिले में इस वर्ष 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक के दौरान धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, नापतौल, गुणवत्ता जांच, परिवहन, भुगतान और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित निरीक्षण कर किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने कहा।
जिले में 8 नए धान उपार्जन केंद्रों की हुई शुरुआत
इस वर्ष शुरू किए गए नए उपार्जन केंद्रों में भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी शामिल हैं।
पहले दिन 554 किसानों ने कटाए टोकन
15 नवंबर को धान खरीदी के प्रथम दिन के लिए जिले के 83 उपार्जन केंद्रों में अब तक 554 किसानों ने टोकन कटाया है। इनसे करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित है। टोकन व्यवस्था से किसानों को निर्धारित तिथि और समय पर उपज बेचने की सुविधा मिलेगी।
अवैध परिवहन पर रहेगी निगरानी
धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं।यहां जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।प्रत्येक उपार्जन केंद्र में नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन की तिथि और समय पर ही केंद्र पहुंचें तथा धान को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार कर लाएं।

