गाली-गलौज से मना करने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार

भेण्डरी गांव में मातर मड़ई के दौरान हुई वारदात, घायल बुजुर्ग अस्पताल में भर्ती; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

धमतरी। जिले के ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है,जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गाली-गलौज का विरोध करने पर बुजुर्ग पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे ग्राम भेण्डरी के बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर भागीरथी साहू अपने बेटे नारायण साहू के साथ मौजूद थे। इसी दौरान गांव का ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। महिलाओं की मौजूदगी के कारण भागीरथी साहू ने उसे ऐसा करने से मना किया,इस पर आरोपी ने आक्रोशित होकर साइकिल के धारदार स्पोक के टुकड़े से उनके पेट पर वार कर दिए। हमले में भागीरथी साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल नयापारा में भर्ती कराया गया।

चौकी करेलीबड़ी पुलिस की कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध के तहत बीएनएस की धारा 296 एवं 109(1) में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की एवं घेराबंदी कर ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम भेण्डरी को हिरासत में लिया और घटना में प्रयुक्त धारदार स्पोक का टुकड़ा भी बरामद किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *