सेवा संकल्प अभियान: खेल मैदान में दिखा एकलव्य प्रतिभाओं का दमखम

आठ जिलों के 340 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन, ईएमआरएस पथर्रीडीह में क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) पथर्रीडीह में 25 एवं 26 सितंबर को आयोजित क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के आठ जिलों से आए करीब 340 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में ईएमआरएस पथर्रीडीह (धमतरी), कोसमबुड़ा एवं मेनपुर (गरियाबंद), पेंड्री (राजनांदगांव), सोनाखान (बलौदाबाजार), तारेगांव जंगल (कबीरधाम), बोरिंग (महासमुंद) तथा डौंडी (बालोद) के खिलाड़ी शामिल हुए।

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत धमतरी सीईओ जयंत नाहटा एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विमल कुमार साहू ने फीता काटकर किया।अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर सीईओ ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों के साथ टेबल टेनिस खेलकर बढ़ाया मनोबल

सीईओ ने विद्यार्थियों से सहज संवाद कर उनकी खेल रुचियों और प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी ली एवं विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए उनके साथ टेबल टेनिस भी खेला। सीईओ के साथ खेलकर विद्यार्थी खासे उत्साहित नजर आए। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।

विभिन्न खेलों में दिखी प्रतिभा

प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, शतरंज, योग और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स में 100, 400, 800, 1600 मीटर तथा 3 और 5 किलोमीटर दौड़, हर्डल रेस, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिभाओं को मिला मंच, प्रतिस्पर्धा से बढ़ा आत्मविश्वास

दो दिवसीय प्रतियोगिता ने विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही एक-दूसरे से सीखने और खेल कौशल निखारने का अवसर दिया। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के इस मंच से विद्यार्थियों को आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिला।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *