

खंभे-तार टूटने से बढ़ी परेशानी, पेयजल संकट गहराया; 24 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो घेराव की चेतावनी
धमतरी। लगातार बारिश के बाद नगरी विकासखंड के बोराई क्षेत्र के बोराई, बुडरा, मैनपुर, घुटकेल बनियाडीही, लिखमा, कोटपार और कारीपानी सहित आसपास के गांव चार दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई जगह बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित है।बिजली गुल होने से नल-जल योजना की मोटरें बंद हैं और पानी की टंकियां नहीं भर पा रही हैं, इससे गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। वहीं मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित होने से ग्रामीणों का संपर्क बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिनों से बिजली नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और आपात स्थिति में संपर्क जैसी जरूरी सेवाएं प्रभावित हैं। उनका आरोप है कि समस्या की जानकारी के बावजूद अब तक स्थायी समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची है।ग्रामीणों के अनुसार हर वर्ष बारिश के दौरान बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और त्वरित मरम्मत दल की व्यवस्था किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं का लाभ वनांचल क्षेत्रों तक भी प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए।
24 घंटे में व्यवस्था नहीं सुधरी तो घेराव
ग्रामीणों ने कलेक्टर और विद्युत विभाग से तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल करने तथा पेयजल संकट दूर करने की मांग की है।उन्होंने चेतावनी दी है कि 24 घंटे के भीतर व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो नगरी जनपद पंचायत और विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल संकट केवल बिजली का नहीं, बल्कि पानी, संचार और आवागमन का भी है। ऐसे में प्रभावित गांवों में तत्काल राहत और विद्युत व्यवस्था बहाल करने की जरूरत है।

