
आंगनबाड़ी केन्द्रों से समुदाय को जोड़ने की पहल, 27 सितंबर को कुरूद में जिला स्तरीय आयोजन
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आयोजन की तैयारियों को लेकर जिले की सभी एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं के परियोजना अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।आंगन मिलन उत्सव का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों से समुदाय की सहभागिता बढ़ाने और बच्चों व उनके परिवारों को केन्द्र की गतिविधियों से जोड़ना है। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका घर-घर जाकर पीले चावल देकर ग्रामीणों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्यौता देंगी,पंचायत स्तर पर मुनादी के माध्यम से भी जानकारी दी जाएगी।जिले की प्रत्येक परियोजना में सेक्टरवार क्लस्टर बनाकर निर्धारित अवधि में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा पर्यवेक्षकों को नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
27 सितंबर को कुरूद में जिला स्तरीय आयोजन
आंगन मिलन उत्सव के तहत 27 सितंबर को कृषि उपज मंडी, कुरूद में जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें आंगनबाड़ी केन्द्रों से जुड़े हितग्राही, कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं समुदाय के सदस्य शामिल होंगे।वहीं विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने तथा अधिक से अधिक परिवारों और समुदाय के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

