कुरूद नगर पालिका में आरसीसी नालियों और सीसी रोड के लिए 1.48 करोड़ से अधिक स्वीकृत

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने जारी किए स्वीकृति आदेश

धमतरी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने धमतरी जिले की कुरूद नगर पालिका में अधोसंरचना विकास से जुड़े चार कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 48 लाख 5 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है। इसमें तीन आरसीसी नालियों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 18 लाख 61 हजार रुपए तथा एक सीसी सड़क के लिए 29 लाख 44 हजार रुपए शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद विभाग द्वारा स्वीकृति आदेश जारी किए गए हैं।

इन कार्यों को मिली स्वीकृति

विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक-1 में भारतीय स्टेट बैंक से छोटे नहर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 53 लाख 17 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक-15 के कन्हारपुरी रोड में आरसीसी नाली के लिए 19 लाख 36 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक-21 में मंगलम हार्डवेयर से छोटे नहर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 46 लाख 8 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।इसके अलावा कन्हारपुरी रोड में सीसी सड़क निर्माण के लिए 29 लाख 44 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

जल निकासी और आवागमन व्यवस्था होगी मजबूत

स्वीकृत कार्यों से संबंधित वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आवागमन से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में मदद मिलने की उम्मीद है। ये कार्य चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के अधोसंरचना मद से स्वीकृत किए गए हैं।कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में अधोसंरचना से जुड़े इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित वार्डों के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।कहा कि कुरूद नगर के विकास के लिए आवश्यक अधोसंरचना कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे भी कराया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *