
धमतरी। गंगरेल जलाशय, घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरे हरफर गांव में जल जीवन मिशन ने 17 परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी तालाब और कुओं से पानी लाने को मजबूर ग्रामीणों के घर अब नल से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। सोलर आधारित जलप्रदाय योजना से गांव के सभी 17 परिवारों को नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल की सुविधा मिल रही है।गोंड जनजाति बहुल इस गांव में पहले सुरक्षित पेयजल के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। पानी लाने में समय और श्रम खर्च होता था और बरसात में जलस्रोतों के दूषित होने की आशंका भी बनी रहती थी। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं की दिनचर्या पर पड़ता था।
जलप्रदाय व्यवस्था बनी ग्रामीणों का नया आधार
अब घर की चौखट पर नल से पानी मिलने से ग्रामीणों को राहत मिली है। समय और श्रम की बचत के साथ घरेलू स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। दूरस्थ और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में सौर ऊर्जा आधारित जलप्रदाय व्यवस्था ग्रामीणों के लिए सुविधा का नया आधार बनी है।हरफर निवासी सुंदर सिंह कुनजाम बताते हैं कि उनका परिवार पीढ़ियों से गांव में रह रहा है। उन्होंने पानी के लिए तालाब और कुएं पर निर्भरता का दौर देखा है। वे कहते हैं, “पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब घर में नल से पानी मिल रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो गई है।”इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। हरफर के 17 परिवारों के लिए नल से पहुंचा जल महज पेयजल सुविधा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, सम्मान और बेहतर जीवन की नई शुरुआत है।

