

30 से अधिक गांवों में पुलिस का जागरूकता अभियान, ठगी होते ही 1930 पर शिकायत की अपील
धमतरी। साइबर ठगी से बचाव के लिए धमतरी पुलिस ने एक ही दिन में 30 से अधिक गांवों और प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाकर 1,435 से ज्यादा लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के चौथे सप्ताह में पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं, महिलाओं और ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए।पुलिस ने लोगों को OTP, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहने की समझाइश दी।साथ ही महिलाओं और छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी गई।पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर शिकायत करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचना दें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि रोकने की संभावना बढ़ती है।वहीं एसपी के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी जारी है।

