
एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश, गुमशुदा लोगों की तलाश तेज करने पर जोर
धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अब कार्रवाई और तेज करेगी। अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सूरज सिंह परिहार ने सभी थाना प्रभारियों को जुआ-सट्टा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए नियमित दबिश और संदिग्ध नेटवर्क पर निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक में ऑपरेशन निश्चय के तहत गठित 30 टीमों की कार्रवाई की समीक्षा कर एसपी ने सूखा नशा और शराब के अवैध कारोबार पर आने वाले दिनों में और सख्ती बढ़ाने तथा सूचना तंत्र और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए।वहीं ऑपरेशन तलाश के तहत गुमशुदा लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की शीघ्र दस्तयाबी को प्राथमिकता देने कहा गया। इसके लिए थाना स्तर की टीमों को सक्रिय कर तकनीकी और सूचना तंत्र का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहले तीन स्थानों पर रहने वाले थानों/अनुभागों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई।

