
कुरूद क्षेत्र में 16 किमी सड़क के लिए 35.87 करोड़ और धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग के लिए 81.44 करोड़ स्वीकृत
धमतरी। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए 117 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन और रोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कुरूद क्षेत्र में 16 किमी सड़क का होगा उन्नयन
कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरीया-कंडेल-भोथली-संबलपुर मार्ग के 16 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा पुल-पुलियों के निर्माण के लिए 35 करोड़ 87 लाख 22 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।वहीं धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग पर 81.44 करोड़ खर्च होंगे धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग (मुख्य जिला मार्ग क्रमांक-243) के कुल 18.50 किलोमीटर में से 11.40किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 81 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है।परियोजना के तहत 5 किलोमीटर हिस्से में 4-लेन और 6.40 किलोमीटर हिस्से में 2-लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इससे धमतरी शहर का गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र से संपर्क बेहतर होगा और बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी,वहीं जिले में कंडेल-देवपुर-छाती मार्ग के टू-लेन विकास को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर सड़क संपर्क से इन क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। ऐतिहासिक महत्व वाले कंडेल और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण देवपुर क्षेत्र को बेहतर सड़क नेटवर्क मिलने से पर्यटन, कृषि, व्यापार और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
अगले दो वर्षों में करीब 12 सड़कों के उन्नयन की योजना
जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। शहर में तीन फोरलेन सड़कें विकसित हो चुकी हैं और गौरव पथ को भी प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा अगले दो वर्षों में करीब 12 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन की दिशा में कार्य किया जा रहा है।इन परियोजनाओं के पूरा होने से धमतरी के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का संपर्क मजबूत होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, उद्योग और व्यापार से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

