
धमतरी और कुरूद में 450 से अधिक वीएलई को दिया गया प्रशिक्षण
धमतरी। कलेक्टर के निर्देशानुसार धमतरी और कुरूद जनपद पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के वीएलई (Village Level Entrepreneur) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई,जिसमें 450 से अधिक वीएलई शामिल हुए।प्रशिक्षण के दौरान जनपद एवं नगरीय निकायों में श्रमिकों के ई-केवाईसी के लिए क्लस्टर बनाकर अभियान चलाने की जानकारी दी गई तथा ई-केवाईसी के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, राज्य स्तर से पहुंचे सीनियर मैनेजर मोहम्मद रियाज ने वीएलई को श्रमिकों के डेटा संशोधन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रमिक कार्डों में दर्ज त्रुटियों का समय पर सुधार सुनिश्चित करना है, ताकि श्रमिकों को राज्य शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।प्रशिक्षण में बताया गया कि शासन द्वारा ई-केवाईसी के लिए 20 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है,एवं निर्देशित किया गया है कि वे 30 जुलाई से पहले अपने-अपने क्षेत्रों में ई-केवाईसी एवं आवश्यक संशोधन का कार्य पूर्ण करें।


