
धमतरी। आगामी खरीफ सीजन 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए जिले में किसानों को समय पर एवं सुगमता से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। वर्तमान में जिले में विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों का पर्याप्त भण्डारण उपलब्ध है तथा आवश्यकतानुसार वितरण की कार्यवाही निरंतर जारी है।
जिले में वर्तमान स्थिति के अनुसार कुल 19,358 मीट्रिक टन उर्वरकों का भण्डारण किया गया है, जिसमें से 4,318 मीट्रिक टन उर्वरकों का किसानों को वितरण किया जा चुका है,उपलब्ध भण्डारण में यूरिया 8,017 मीट्रिक टन, सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) 3,005 मीट्रिक टन, पोटाश 1,084 मीट्रिक टन, डीएपी 2,169 मीट्रिक टन तथा एनपीके 5,083 मीट्रिक टन शामिल है।वहीं
कलेक्टर के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा उर्वरक भण्डारण एवं वितरण व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है,साथ ही सहकारी समितियों, प्राथमिक कृषि साख समितियों तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से उर्वरकों की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े,तथा किसानों से अपील की है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय करें तथा संतुलित उर्वरक उपयोग को अपनाएं।


