
जनता से किया वादा निभाया, मुख्यमंत्री की घोषणा पूरी
धमतरी। छत्तीसगढ़ में जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष धमतरी में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान नागरिकों की मांगों को स्वीकार करते हुए 213 करोड़ रुपये की लागत के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों की घोषणा की थी।जो कि अब धरातल पर उतरते हुए विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।मुख्यमंत्री द्वारा घोषित इन कार्यों में शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया है।इसके अंतर्गत धमतरी में 18 करोड़ रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है, जो यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाएगा। साथ ही, 10 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक, सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम का निर्माण भी किया जाएगा, जो सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक राशि और प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है, जिससे निर्माण कार्यों का मार्ग प्रशस्त हो चुका है।वहीं कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया है और निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण कार्य वर्षा ऋतु के पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं।यह भी कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।इसी क्रम में प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक “सुशासन दिवस” का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत धमतरी जिले में भी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले की धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड विकासखंडों की 24 ग्राम पंचायतों को क्लस्टर के रूप में चिन्हित कर समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

