
हितग्राही चयन से निर्माण, किस्त भुगतान, मेसन प्रशिक्षण और सामाजिक अंकेक्षण तक व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
धमतरी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन का अध्ययन करने तेलंगाना राज्य के अधिकारियों का दल धमतरी पहुंचा। दल में पी. बालराम, विठोबा एवं बी. तिरुपति रेड्डी शामिल रहे। दल ने ग्राम पंचायत चर्रा एवं ग्राम पंचायत गंगरेल का भ्रमण कर योजना के मैदानी क्रियान्वयन को समझा।वहीं अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों के चयन, आवास स्वीकृति, निर्माण प्रगति, विभिन्न चरणों में किस्त भुगतान और निर्माण गुणवत्ता की निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अपनाई जा रही निर्माण तकनीकों एवं तकनीकी मार्गदर्शन का भी अवलोकन किया।दल ने राजमिस्त्री (मेसन) प्रशिक्षण, आईईसी गतिविधियों, हितग्राही जागरूकता तथा योजना की प्रक्रिया एवं अधिकारों की जानकारी देने की व्यवस्थाओं को भी समझा। साथ ही सामाजिक अंकेक्षण, सामुदायिक सहभागिता और मैदानी सत्यापन के माध्यम से पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया।अधिकारियों ने आवास योजना के हितग्राहियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने,जिस पर हितग्राहियों ने पक्के आवास से परिवारों को मिली सुविधा और सुरक्षित जीवन में आए बदलाव साझा किए।तेलंगाना दल का यह दौरा दोनों राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणालियों, नवाचारों और मैदानी अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर बना। दल ने धमतरी में योजना के हितग्राही-केंद्रित क्रियान्वयन एवं सतत निगरानी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

