स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात उप स्वास्थ्य केंद्र सम्मानित

94.65 प्रतिशत उपलब्धि के साथ अरौद डुबान उप स्वास्थ्य केंद्र जिले में प्रथम

कलेक्टर ने स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और टीम भावना की सराहना की, सभी केंद्रों को गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

धमतरी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर क्रियान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात उप स्वास्थ्य केंद्रों को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

18 स्वास्थ्य मानकों पर बेहतर काम कर सात उप स्वास्थ्य केंद्रों ने बनाई जिले में पहचान

निर्धारित 18 स्वास्थ्य मानकों (इंडिकेटर्स) के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर उपलब्धि हासिल करने पर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की फैसिलिटी टीम, ब्लॉक टीम एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट (बीपीएमयू) के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता

इस अवसर पर कलेक्ट ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समर्पण, नियमित मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय बेहद जरूरी है,ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।अतःसभी स्वास्थ्य केंद्र निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करें और जिन केंद्रों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है, वे सभी इंडिकेटर्स में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दें।

अरौद डुबान ने हासिल किया पहला स्थान

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों में धमतरी विकासखंड के अरौद डुबान ने 94.65 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।वहीं नगरी विकासखंड के घाटुला ने 91.20 प्रतिशत और कसपुर ने 91 प्रतिशत उपलब्धि के साथ दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।इसी तरह कुरूद विकासखंड के भेंड्रा ने 90.16 प्रतिशत, शहरी क्षेत्र के यूएएएम कोष्टापारा ने 90.08 प्रतिशत, मगरलोड विकासखंड के हसदा ने 89.28 प्रतिशत तथा धमतरी विकासखंड के रांवां ने 85.57 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए टीम भावना, नियमित मॉनिटरिंग और समन्वय पर जोर

सम्मानित सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों ने निर्धारित स्वास्थ्य मानकों में 85 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की। यह सफलता चिकित्सा अधिकारियों (एमओ), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू) तथा फैसिलिटी, ब्लॉक और बीपीएमयू टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *