
मंडी बोर्ड रायपुर से गोदाम निर्माण कराने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष को सौंपा मांग पत्र – नरेंद्र साहू
धमतरी। ग्रामीण सेवा सहकारी समिति छाती में किसानों की बढ़ती संख्या और खाद-बीज की मांग को देखते हुए 200 मीट्रिक टन क्षमता का नया खाद गोदाम बनाने की मांग की गई है। इस संबंध में संस्था के अध्यक्ष ललित कुमार साहू ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा को कुरूद स्थित उनके निवास पहुंचकर मांग पत्र सौंपा।
वर्ष 1961 से किसानों को सेवा दे रही है छाती सहकारी समिति
ग्रामीण सेवा सहकारी समिति छाती वर्ष 1961 से लगातार किसानों को सेवाएं प्रदान कर रही है। वर्तमान में समिति से 1,750 से अधिक किसान जुड़े हुए हैं, जो खाद, बीज एवं धान खरीदी-बिक्री से संबंधित लेनदेन करते हैं। किसानों की संख्या और समिति के कारोबार में लगातार वृद्धि होने के कारण वर्तमान खाद गोदाम की क्षमता अब पर्याप्त नहीं रह गई है।
खाद, बीज और कृषि दवाइयों के भंडारण के लिए होगी अतिरिक्त जगह की व्यवस्था
समिति के माध्यम से किसानों को खाद के साथ बीज एवं कृषि दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में भंडारण की बेहतर व्यवस्था के लिए 200 मीट्रिक टन क्षमता के नए गोदाम की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मंडी बोर्ड से निःशुल्क गोदाम निर्माण कराने की मांग,समिति अध्यक्ष ने बैंक अध्यक्ष को सौंपा मांग पत्र
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मंडी बोर्ड रायपुर द्वारा धमतरी जिले सहित संबलपुर शाखा के अंतर्गत आने वाली विभिन्न समितियों में निःशुल्क गोदामों का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन छाती समिति को अब तक इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है। इसलिए मंडी बोर्ड के माध्यम से गोदाम निर्माण कराने की मांग रखी गई है।
मांग पत्र पर शीघ्र कार्रवाई करने का दिया आश्वासन
मांग पत्र पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उक्त जानकारी समिति के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र कुमार साहू ने दी।

