धान खरीदी से पहले किसानों के खसरा, रकबा और फसल प्रविष्टियों में होगा सुधार

समिति स्तर पर शुरू हुई खसरा मैपिंग, दावा-आपत्तियों का भौतिक सत्यापन कर त्वरित निराकरण के निर्देश

धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने किसानों के पंजीयन संबंधी अभिलेखों में सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से खसरा मैपिंग की जा रही है। इसमें किसानों के खसरा नंबर, भूमि का रकबा और दर्ज फसलों की जानकारी का सत्यापन कर त्रुटियों में सुधार किया जाएगा, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों को परेशानी न हो।

सहकारी समितियों के माध्यम से हो रही खसरा मैपिंग

समिति ऑपरेटरों द्वारा एग्रीस्टैक यूएफआर के माध्यम से किसानों के खसरों को जोड़ा जा रहा है तथा जिन किसानों के पंजीकृत रकबे में त्रुटि है, रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है अथवा धान के स्थान पर अन्य फसल दर्ज है, उनके अभिलेखों की जांच की जा रही है। संबंधित जानकारी ग्राम पंचायतों में चस्पा कर किसानों से दावा-आपत्तियां भी आमंत्रित की जा रही हैं।

पटवारियों की हड़ताल के बावजूद पंजीयन पर विशेष ध्यान

पटवारियों की हड़ताल के कारण कोई भी किसान धान पंजीयन से वंचित न रहे, इसके लिए वैकल्पिक अमले से फसलों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। इसमें राजस्व अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, परिवीक्षाधीन एवं सेवानिवृत्त पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा अमीन की सेवाएं ली जा रही हैं।

कलेक्टर ने दावा-आपत्तियों का त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राजस्व, कृषि, सिंचाई एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को सर्वे के आंकड़ों का ग्राम पंचायतों में प्रकाशन कराने, प्राप्त दावा-आपत्तियों का भौतिक सत्यापन करने और उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं,जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खसरा, रकबा एवं फसल संबंधी प्रविष्टियों की जांच समय रहते करा लें, ताकि धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक रूप से उत्पादित धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *