ग्राम खैरा में कृषि सूचना केंद्र शुरू, किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से रूबरू करा रहे कृषि विद्यार्थी

दो माह तक गांव में रहकर खेती-किसानी का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे विद्यार्थी, किसानों को देंगे वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी

धमतरी। किसानों तक आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने और कृषि विद्यार्थियों को खेती-किसानी का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरुद के विद्यार्थियों ने ग्राम खैरा में कृषि सूचना केंद्र की शुरुआत की है। ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव एवं ग्रामीण उद्यमिता जागरूकता विकास योजना के तहत 18 नवंबर को साहू भवन में आयोजित कार्यक्रम में इसका शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच योगेश्वरी साहू मुख्य अतिथि, उपसरपंच जमुना बाई यादव विशिष्ट अतिथि तथा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

कृषि विद्यार्थियों और किसानों के बीच ज्ञान एवं अनुभव का होगा आदान-प्रदान

योजना के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय के चतुर्थ वर्ष बीएससी (कृषि) के विद्यार्थी लगभग दो माह तक ग्राम खैरा में रहकर किसानों के बीच कृषि गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। इस दौरान वे फसल बुवाई, बीज उपचार, खाद एवं उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा फसल कटाई के बाद की प्रक्रियाओं का अध्ययन करेंगे। साथ ही किसानों की समस्याओं और स्थानीय कृषि आवश्यकताओं को समझकर उन्हें वैज्ञानिक खेती की जानकारी देंगे।

जैविक एवं प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर होगा विशेष जोर

कृषि सूचना केंद्र के माध्यम से किसानों और विद्यार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। यहां उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा कृषि उद्यमिता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने में मदद मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ ग्रामीण परिस्थितियों में काम करने का अनुभव प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण कृषि विकास, किसान जागरूकता और आधुनिक तकनीकों के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। कार्यक्रम का समापन किसानों के साथ मिलकर वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *