धमतरी जिले में सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को मिली गति, कई परियोजनाएं प्रगतिरत

कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी सड़क निर्माण शुरू, 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर चल रहा काम; कई मार्गों का डामरीकरण पूरा

धमतरी। जिले में आवागमन को सुगम बनाने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी सड़क निर्माण शुरू हो गया है। वहीं कई मार्गों का डामरीकरण पूरा हो चुका है तथा 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर निर्माण एवं निविदा संबंधी कार्य जारी हैं।

सिहावा चौक-कोलियारी सहित कई मार्गों का होगा उन्नयन

प्रमुख परियोजनाओं में सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर फोरलेन सड़क, मुजगहन से रत्नाबांधा चौक तक फोरलेन सड़क, आमदी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन सड़क तथा अंबेडकर चौक से गंगरेल तक 11.50 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल हैं। साथ में कुरुद-चर्रा-छाती-उडे़ना-झिरिया-कुण्डेल-भोथली-बोंडरा-संबलपुर मार्ग सहित धमतरी-बागतराई, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर,गुजरा-रीवागहन, देमार-बरसी एवं सिविल लाइन कॉलोनी पहुंच मार्ग पर भी कार्य किए जा रहे हैं।

कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा लाभ

इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को कृषि उपज के परिवहन, विद्यार्थियों को आवागमन तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीण और शहरी संपर्क होगा मजबूत

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क अधोसंरचना का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण एवं उन्नयन कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *