गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार से बच रही अनमोल जिंदगियां

पीएम-राहत योजना के तहत धमतरी जिले में 31 प्रकरणों में से 13 दुर्घटना पीड़ितों को मिला निःशुल्क उपचार का लाभ

त्वरित उपचार और मानवीय संवेदना हमारी प्राथमिकता – कलेक्टर

धमतरी। सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय पीड़ित के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसी संवेदनशील समय में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम-राहत (प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट) योजना का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में किया जा रहा है,योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचते ही कैशलेस एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उपचार में आर्थिक कठिनाई अथवा कागजी औपचारिकता बाधा न बने।
इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती होने के दिन से अधिकतम सात दिनों तक प्रति व्यक्ति 1 लाख 50 हजार रुपए तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना का मूल उद्देश्य दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल व्यक्ति को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना और गंभीर स्थिति में जीवन बचाने की संभावनाओं को अधिकतम करना है।जिले में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों और संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में अब तक 31 सड़क दुर्घटना प्रकरणों में योजना के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें 13 दुर्घटना पीड़ितों को योजना का लाभ मिला है। इनमें गंभीर रूप से घायल मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।जिले के सभी संबंधित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से योजना के क्रियान्वयन की व्यवस्था की गई है।साथ ही जिले के 20 निजी अस्पताल भी योजना से जुड़े हैं। इनमें 19 अस्पताल आयुष्मान भारत के तहत इम्पैनल्ड हैं, जबकि एक निजी अस्पताल पीएम-राहत योजना के तहत विशेष रूप से इम्पैनल्ड है।इस नेटवर्क के माध्यम से दुर्घटना पीड़ितों को उनके निकट उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधा में शीघ्र उपचार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी दुर्घटना पीड़ित को आर्थिक कारणों अथवा औपचारिकताओं के चलते उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े। पीएम-राहत योजना जरूरतमंदों को संकट की घड़ी में तत्काल चिकित्सा सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है,इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अस्पतालों को योजना के प्रावधानों के अनुरूप संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *