

शिक्षा में किया गया निवेश कई गुना होकर लौटता है : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
धमतरी। शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित धीवर समाज के कैरियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं एसडीएम ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 85 छात्र-छात्राओं को पुस्तक, कॉपी, पेन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया तथा राष्ट्रीय स्तर पर कराते प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों अंजली फूटान, रिया फूटान एवं संतोषी मत्स्यपाल को “धीवर समाज गौरव सम्मान” से सम्मानित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी आधारशिला है,बच्चों की शिक्षा पर किया गया व्यय वास्तव में भविष्य में किया गया निवेश है, जिसका लाभ कई गुना होकर पूरे समाज और देश को प्राप्त होता है।अतः अभिभावकों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया,समाज में अनेक प्रतिभाएं हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे सफल व्यक्तियों को विद्यार्थियों के बीच लाकर प्रेरणादायी संवाद आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, आईआईटी, एनआईटी एवं अन्य प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराकर उनके सपनों को नई दिशा दी जा सकती है।वहीं एसडीएम ने कहा कि किसी भी बड़ी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास आवश्यक है,यदि एक-दो प्रयासों में सफलता न मिले तो निराश होने के बजाय अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए तथा कैरियर मार्गदर्शन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विषय चयन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा के संरक्षक सेवकराम सहित समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, महिला-पुरुषों, छात्र-छात्राओं एवं 300 से अधिक पालकों की सहभागिता रही।


