

15 से अधिक उद्यमियों का कराया गया उद्यम पंजीयन, NMDC और SAIL सहित सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर बनने के अवसरों की मिली जानकारी
धमतरी। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर में आयोजित नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में धमतरी के लगभग 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की।
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा आयोजित कॉन्क्लेव की अध्यक्षता केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने की। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने कचना, रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब के नवीन कार्यालय का उद्घाटन भी किया।कॉन्क्लेव में उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, सार्वजनिक खरीद नीति, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता तथा बड़े सार्वजनिक उपक्रमों में व्यवसाय के अवसरों की जानकारी दी गई। केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों, जेम, एनएसआईसी और सीएसआईडीसी के प्रतिनिधियों ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
15 से अधिक प्रतिभागियों का मौके पर हुआ उद्यम पंजीयन
धमतरी के प्रतिनिधिमंडल में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक लोकपाल खांडेकर, जिला रिसोर्स पर्सन डॉ. संदीप मेश्राम तथा ICCSWE छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं CGS Network के मुख्य समन्वयक एवं सीईओ उमेश कुमार महिलानी सहित उद्यमी शामिल रहे।कॉन्क्लेव में जिले के 15 से अधिक प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन कराया गया।
NMDC और SAIL में वेंडर बनने के अवसरों की मिली जानकारी
वहीं NMDC और SAIL सहित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर पंजीयन के लिए आवेदन प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए। धमतरी की उद्यम इकाई M/s Hemal Food ने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में धमतरी के उद्यमियों की सहभागिता
उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक खरीद नीति के तहत केंद्र सरकार के मंत्रालयों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में एमएसई से न्यूनतम 25 प्रतिशत खरीद का प्रावधान है। इसमें एससी-एसटी उद्यमों के लिए 4 प्रतिशत और महिला उद्यमियों के लिए 3 प्रतिशत उप-लक्ष्य निर्धारित है।
STARTUP DHAMTARI और YUVA DHAMTARI से उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
जिला प्रशासन द्वारा STARTUP DHAMTARI एवं YUVA DHAMTARI के माध्यम से उद्यमिता विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। आगामी दिनों में आईआईएम रायपुर सहित विभिन्न संस्थानों के सहयोग से एससी-एसटी उद्यमियों के लिए प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास और वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

