फर्जी CBI अधिकारी बनकर 13.30 लाख रुपये की साइबर ठगी, आंध्रप्रदेश से अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल अरेस्ट और मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर की थी ठगी, ठगी की रकम से खरीदा गया मोबाइल जब्त

धमतरी। फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर 13 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को धमतरी पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

फर्जी CBI अधिकारी बनकर,मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर ऐंठे 13.30 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2025 को थाना मगरलोड क्षेत्र के एक प्रार्थी को अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को CBI अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी और केस रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराने को कहा, जिससे भयभीत होकर प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो खातों में क्रमशः 5.30 लाख और 8 लाख रुपये,ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर उसने थाना मगरलोड में रिपोर्ट दर्ज कराई।

बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले में धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान शेक घोष बासा, उम्र 32 वर्ष, निवासी रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश के रूप में की।

आंध्रप्रदेश के कडपा जिले से आरोपी गिरफ्तार,साइबर ठगी के अन्य आरोपियों और रकम की तलाश जारी

धमतरी पुलिस टीम ने आंध्रप्रदेश पहुंचकर आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया।पूछताछ में ठगी की रकम प्राप्त करने और उससे वीवो मोबाइल खरीदने की बात सामने आई। पुलिस ने मोबाइल को ई-साक्ष्य सहित जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की शेष रकम की तलाश जारी है।

धमतरी पुलिस की अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि CBI, पुलिस या ED का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट, गिरफ्तारी अथवा मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर धमकी देने वाले कॉल से सावधान रहें। कोई भी जांच एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही केस खत्म करने के नाम पर पैसे मांगती है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *