
‘व्यापार से बाजार तक’ संगोष्ठी में सीए सौरभ केला ने बताए कारोबार को नई ऊंचाई तक पहुंचाने के गुर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने का किया आह्वान
धमतरी। बदलते कारोबारी परिवेश में व्यवसाय को सफल बनाने के लिए बाजार की मांग, ग्राहकों की पसंद, प्रभावी ब्रांडिंग और आधुनिक तकनीक का उपयोग जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा स्व. संतोष नेताम महानदी सभागार, कम्पोजिट बिल्डिंग में ‘व्यापार से बाजार तक’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के 50 से अधिक व्यापारियों, उद्यमियों, नवउद्यमियों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर ने की तथा लेखक एवं व्यवसाय प्रशिक्षक सीए सौरभ केला मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कारोबारियों को व्यवसाय की पहचान बनाने, ब्रांडिंग, विपणन, बिक्री बढ़ाने और वित्तीय प्रबंधन के व्यावहारिक तरीके बताए।
बाजार की मांग और ग्राहक संतुष्टि पर दिया जोर
सीए सौरभ केला ने कहा कि व्यवसाय की सफलता के लिए बाजार की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद को समझना आवश्यक है। उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी पहचान, प्रभावी विपणन रणनीति और ग्राहकों का विश्वास कारोबार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।व्यवसाय संचालन में होने वाली सामान्य गलतियों और उनसे बचने के उपायों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
एआई के उपयोग से बढ़ेंगे कारोबार के अवसर
संगोष्ठी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के व्यावसायिक उपयोग पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि एआई की मदद से बाजार का विश्लेषण, ग्राहकों की पसंद का अध्ययन, डिजिटल मार्केटिंग, विज्ञापन तैयार करने और बिक्री बढ़ाने की रणनीति बनाने में सहायता मिल सकती है। इसका उपयोग छोटे व्यापारियों और लघु एवं मध्यम उद्यमों को नए बाजारों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकता है।
पुस्तक के माध्यम से साझा किए सफलता के सूत्र
इस अवसर पर सीए सौरभ केला ने अपनी पुस्तक ‘व्यापार से बाजार तक’ के प्रमुख बिंदुओं को साझा किया। इसमें व्यवसाय की शुरुआत से लेकर ब्रांड निर्माण, ग्राहक व्यवहार, विपणन, वित्तीय प्रबंधन और कारोबार विस्तार तक के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई है।
युवा उद्यमिता अपनाएं, रोजगार देने वाले बनें – कलेक्टर
कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को आधुनिक तकनीक, बाजार की बदलती जरूरतों और बेहतर व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी देना जिले के औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने उद्यमिता, कौशल विकास, प्रशिक्षण और नवउद्यम प्रोत्साहन कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वरोजगार एवं व्यवसाय के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।

