
‘व्यापार से बाजार तक’ संगोष्ठी में सीए सौरभ केला ने साझा किए सफलता के सूत्र, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने युवाओं को उद्यमिता के लिए किया प्रेरित
धमतरी। बदलते कारोबारी दौर में व्यवसाय को नई पहचान देने और बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा ‘व्यापार से बाजार तक’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। स्व. संतोष नेताम महानदी सभागार, कम्पोजिट बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम में 50 से अधिक व्यापारी, उद्यमी और युवाओं ने भाग लिया।
सीए सौरभ केला ने कारोबार को ब्रांड बनाने के बताए व्यावहारिक तरीके
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता लेखक एवं व्यवसाय प्रशिक्षक सीए सौरभ केला ने कारोबारियों को व्यवसाय को मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके बताए।कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता के लिए बाजार की मांग, ग्राहकों की पसंद, उत्पाद की गुणवत्ता और प्रभावी विपणन को समझना जरूरी है। बेहतर बिक्री रणनीति, ग्राहक संतुष्टि और वित्तीय प्रबंधन से कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
एआई से बाजार विश्लेषण और डिजिटल मार्केटिंग के नए अवसरों पर चर्चा
संगोष्ठी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के व्यावसायिक उपयोग पर भी विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि एआई के माध्यम से बाजार का विश्लेषण, ग्राहकों की पसंद का अध्ययन, डिजिटल मार्केटिंग, विज्ञापन तैयार करने और बिक्री बढ़ाने की रणनीति बनाने में मदद मिल सकती है। इससे छोटे एवं मध्यम कारोबारियों को भी अपने उत्पाद बड़े बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर सीए सौरभ केला ने अपनी पुस्तक ‘व्यापार से बाजार तक’ के माध्यम से ब्रांड निर्माण, ग्राहक व्यवहार, विपणन, वित्तीय प्रबंधन और व्यवसाय विस्तार के महत्वपूर्ण सूत्र साझा किए।
कलेक्टर ने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता अपनाने किया प्रेरित
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को आधुनिक तकनीक और बेहतर व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी देना जिले के आर्थिक विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने और नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक लोकपाल खंडेकर, प्रबंधक प्रशांत चंद्राकर, सीजीएस नेटवर्क के उमेश महिलानी, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष दिनेश रोहरा सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, लघु एवं मध्यम उद्यमी, महिला उद्यमी और युवा उपस्थित रहे।

