भखारा-भठेली में पंजीयन कार्यालय शुरू होने से 72 गांवों के किसानों में खुशी

विधायक अजय चंद्राकर ने किया पंजीयन कार्यालय का शुभारंभ, 14 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

11 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना का भी हुआ भूमिपूजन, अब जमीन की खरीदी-बिक्री और पंजीयन के लिए कुरूद-धमतरी जाने से मिलेगी मुक्ति

धमतरी। नगर पंचायत भखारा-भठेली के तहसील कार्यालय परिसर में शुक्रवार को नवीन पंजीयन कार्यालय का शुभारंभ विधायक अजय चंद्राकर ने किया। इस अवसर पर लगभग 14 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन भी शामिल है।

समय और पैसे की होगी बचत, स्थानीय स्तर पर मिलेंगी पंजीयन सेवाएं

भखारा में पंजीयन कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के 72 गांवों के किसानों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी,अब जमीन की खरीदी-बिक्री और पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए कुरूद या धमतरी जाने की आवश्यकता नहीं होगी,स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी।पंजीयन कार्यालय के शुभारंभ पर ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष यशवंत शुक्ला, पं. सुनील तिवारी एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. जगदीश्वर शर्मा (कोर्रा) ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्थानीय तहसील कार्यालय में पंजीयन की सुविधा शुरू होने से किसानों और आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिलेगी।कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को विधायक अजय चंद्राकर की पहल से पूरा किया गया है।

भखारा में खुला पंजीयन कार्यालय, 72 गांवों के किसानों को मिलेगी सुविधा

डॉ. जगदीश्वर शर्मा ने कहा कि विकास के लिए स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। भखारा में पंजीयन कार्यालय की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं प्रदीप कुमार साहू (डोम) ने भी इस पहल पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि 72 गांवों के लोगों को अब पंजीयन कार्य के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। सर्वसुविधायुक्त कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।

विधायक के प्रति आभार व्यक्त

पंजीयन कार्यालय की शुरुआत को क्षेत्रवासियों ने भखारा-भठेली के विकास और किसानों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा इसके लिए विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *