
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं सदस्यों का सम्मान, पेंशन संबंधी लंबित मांगों पर भी हुई चर्चा
धमतरी। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला धमतरी द्वारा 15 नवंबर को पुलिस जनसंवाद कक्ष, थाना सिटी कोतवाली परिसर में दीपावली मिलन एवं स्थापना दिवस सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष होरीलाल साहू ने की। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार सिंह जयसिंधु तथा विशिष्ट अतिथि नेमीचंद साहू उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं संगठन के सदस्यों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संरक्षक रामकुमार सिंह जयसिंधु को जन्मदिन की बधाई देते हुए गमछा एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।वहीं रायपुर से पहुंचे नए सदस्य रमेश साहू का भी सम्मान कर उन्हें संगठन की सदस्यता दिलाई गई।स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व में सम्मान से वंचित रहे संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मोमेंटो और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इनमें अध्यक्ष होरीलाल साहू, महासचिव संतोष कुमार साहू, सलाहकार रमेश साहू, केशवराम साहू, बलिराम सिन्हा, दयापुरी गोस्वामी, डालसिंह हिरवानी, रामकुमार साहू, लक्ष्मी साहू, राजबहादुर सिंह पटेल एवं नेमीचंद साहू शामिल रहे।
छठवें और सातवें वेतन आयोग की लंबित राशि पर हुई चर्चा।
जिलाध्यक्ष होरीलाल साहू ने सभी सदस्यों को दीपावली पर्व एवं गुरु नानक जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पेंशनरों के छठवें एवं सातवें वेतन आयोग की शेष राशि के भुगतान का मुद्दा उठाते हुए बताया कि इस संबंध में 16 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ पेंशन समाज की आवश्यक बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
मुख्य अतिथि ने साझा किए पुलिस सेवा के अनुभव, स्वास्थ्य के दिए सुझाव
विशिष्ट अतिथि नेमीचंद साहू ने पुलिस सेवा के दौरान थानों में कार्य करने के अपने अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि रामकुमार सिंह जयसिंधु ने पुराने कार्यकाल के संस्मरण सुनाए तथा ठंड के मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने संबंधी सुझाव दिए।कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन रमेश कुमार साहू ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

