
घुटकेल में 147 और उमरगांव में 310 कट्टा धान मिला, दस्तावेज नहीं होने पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने की जब्ती
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 457 कट्टा धान जब्त किया।
मंडी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया प्रकरण
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनोज मरकाम के मार्गदर्शन में टीम ने ग्राम घुटकेल में संतोष खंडेलवाल द्वारा अपने ड्राइवर के घर रखवाए गए 147 बोरा धान को जब्त किया। धान के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम से 310 कट्टा धान जब्त किया गया।
धान खरीदी में अनियमितता रोकने प्रशासन की निगरानी तेज
जिला प्रशासन द्वारा वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने का लाभ दिलाने और खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपार्जन केंद्रों, गोदामों और संदिग्ध भंडारण स्थलों की लगातार जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान के भंडारण, परिवहन और खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

