
बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने पर जोर, पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने और मेधावी विद्यार्थियों को विशेष तैयारी कराने के दिए निर्देश
धमतरी। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम और अधिकाधिक विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक दिलाने के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन नब्बे पार’ के तहत जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने शनिवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम की पूर्णता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा परिणाम सुधारने के प्रयासों की समीक्षा कर प्राचार्यों एवं शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त एवं उपचारात्मक कक्षाएं लगाने के निर्देश
ओरेकल पब्लिक स्कूल धमतरी में निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर शीघ्र पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाएं आयोजित करने को कहा।
मेधावी विद्यार्थियों को मेरिट सूची में स्थान दिलाने विशेष तैयारी पर जोर
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चर्रा में विद्यार्थियों के स्तरवार चिन्हांकन और उपचारात्मक कक्षाओं की जानकारी ली एवं मेरिट सूची के लिए चयनित विद्यार्थियों से चर्चा कर उत्तर पुस्तिका लेखन का नियमित अभ्यास कराने तथा पालकों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगौद में विद्यार्थियों की अनियमित उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए पालकों से निरंतर संपर्क, अनुपस्थित विद्यार्थियों की काउंसलिंग और नशामुक्ति संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा। साथ ही किचन गार्डन का समुचित संचालन नहीं होने और उपस्थिति सुधार के प्रयासों में कमी पर संस्था प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा।
पाठ्यक्रम अधूरा मिलने पर संबंधित विद्यालयों को समय-सीमा में पूर्ण करने की हिदायत
शासकीय हाईस्कूल भूसरेंगा में विज्ञान विषय का पाठ्यक्रम अधूरा मिलने पर संबंधित शिक्षकों के सहयोग से इसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए यूट्यूब आधारित शैक्षणिक कक्षाओं और पीएम ई-विद्या का उपयोग करने पर भी जोर दिया।जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ‘मिशन नब्बे पार’ के तहत प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता के अनुरूप तैयारी कराना जरूरी है। कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त मार्गदर्शन देने के साथ मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए विशेष अभ्यास कराया जाए।निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कीर्तिकुमार साहू एवं एपीसी अजय कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।

