
जिला पंचायत सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन ने किया विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खरीदी का आगाज, किसानों को दी शुभकामनाएं
धमतरी। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति खरेंगा में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत धमतरी की सभापति एवं भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष मोनिका ऋषभ देवांगन के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं माता अन्नपूर्णा की पूजा-अर्चना कर नापतौल मशीन का पूजन किया गया। इसके बाद धान खरीदी की शुरुआत की गई।कार्यक्रम में देवांगन ने उपस्थित किसानों को कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी मेहनत और परिश्रम से ही प्रदेश समृद्ध एवं खुशहाल बनता है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने का प्रावधान
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ कृषक उन्नति योजना के माध्यम से भी किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के तहत पात्र किसानों को सत्यापित धान रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का प्रावधान है। इससे किसानों को खेती की लागत, खाद-बीज सहित अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है।
किसानों को शासन की योजनाओं और आर्थिक सहायता की दी जानकारी
देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की किसान हितैषी नीतियों और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना और कृषक उन्नति योजना जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उन्होंने किसानों को धान खरीदी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। इस अवसर पर किसानों के लिए खरीदी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।कार्यक्रम में जनपद सदस्य गीतेश्वरी साहू, प्राधिकृत अध्यक्ष शेखन साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू, ग्राम सरपंच नीलम अडिल, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हीरेंद्र साहू एवं मोहन साहू सहित बड़ी संख्या में किसान और समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।

