मेघा में कल होगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन चौपाल, मतदाता अधिकारों पर होगा संवाद

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर और मंडल प्रभारी राजेंद्र सोनी होंगे शामिल, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के मुद्दे पर आमजन से करेंगे चर्चा

धमतरी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के देशव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार, 16 नवंबर को ग्राम मेघा के बाजार चौक में दोपहर 3 बजे जन चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर आम नागरिकों से चर्चा की जाएगी।

जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी जन चौपाल में होंगे शामिल

जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मगरलोड के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर मुख्य रूप से शामिल होंगी। वहीं मंडल प्रभारी एवं नगरी के पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और वरिष्ठ कांग्रेसजन भी सहभागिता करेंगे।

मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों पर होगी चर्चा

जन चौपाल में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, वोट चोरी के आरोपों और मताधिकार से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कांग्रेस पदाधिकारी आम नागरिकों की बात सुनेंगे और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेंगे।कार्यक्रम में मेघा मंडल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सेक्टर अध्यक्षों, पूर्व जिला पंचायत एवं जनपद सदस्यों, पूर्व पंच-सरपंचों, वर्तमान जनप्रतिनिधियों तथा सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, आदिवासी कांग्रेस, किसान कांग्रेस और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मगरलोड के अध्यक्ष विनीत बाफना, महामंत्री शंकर साहू एवं मेघा मंडल अध्यक्ष हेमंत साहू ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *