
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष ने कांग्रेस के आरोपों पर किया पलटवार, कहा– साय सरकार का फैसला छोटे और सीमांत किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम
धमतरी। धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली आदान सहायता राशि को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने पलटवार किया है।कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह किसानों के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
भाजपा सरकार का फैसला छोटे और सीमांत किसानों के लिए राहतकारी
चेतन हिन्दूजा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत पंजीकृत किसान यदि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा के बजाय केवल एक क्विंटल धान भी बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के हिसाब से पूरी 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि (बोनस अंतर) मिलेगी। सरकार के इस फैसले से विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही प्राकृतिक कारणों से कम उत्पादन होने की स्थिति में भी किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी।
कांग्रेस के शासनकाल पर उठाए सवाल
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए हिन्दूजा ने कहा कि अपने शासनकाल में किसानों को किस्तों में राशि देने और चुनावी वादों को पूरा नहीं करने वाली कांग्रेस आज किसानों की हितैषी बनने का दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और यहां के किसानों की आर्थिक समृद्धि भाजपा सरकार की प्राथमिकता है।
किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार किसानों के कल्याण को सर्वोपरि रखकर योजनाएं संचालित कर रही हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि वह किसानों को गुमराह करने के बजाय सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए। उन्होंने दावा किया कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के किसानों में उत्साह और विश्वास का माहौल है।

