भखारा-भठेली के विकास को मिली नई रफ्तार, पंजीयन कार्यालय का शुभारंभ और जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन

विधायक अजय चंद्राकर ने कहा– सड़क, बिजली, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार ही विकास की प्राथमिकता

धमतरी। भखारा-भठेली क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास को गति देने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने नगर पंचायत भखारा-भठेली में नवीन पंजीयन कार्यालय का शुभारंभ किया तथा जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन किया। इन दोनों कार्यों से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर पंजीयन सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही भविष्य में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।

सड़क, बिजली, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विधायक ने दिया जोर

चंद्राकर ने कहा कि भखारा-भठेली सहित पूरे कुरूद विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। विकास का उद्देश्य केवल सड़क और भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए बेहतर सड़क संपर्क, किसानों को कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, पर्याप्त पेयजल तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक है। इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखकर क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।कहा कि नवीन पंजीयन कार्यालय शुरू होने से लोगों को जमीन और संपत्ति के पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन की बचत होगी। वहीं जल आवर्धन योजना पूरी होने पर नगर की पेयजल व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।कहा कि गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, सड़कों के चौड़ीकरण, कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार काम किया जा रहा है।

जल आवर्धन योजना से पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल

कार्यक्रम में कलेक्टर ने कहा कि भखारा क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान बेहद जरूरी था। भखारा तक पानी पहुंचाने के लिए विधायक अजय चंद्राकर का विशेष योगदान रहा है। जल आवर्धन योजना पूर्ण होने के बाद आने वाले कई वर्षों तक क्षेत्र में पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में आजीविका महाविद्यालय, पंजीयन कार्यालय, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। साथ ही सड़कों का चौड़ीकरण कर उन्हें प्रमुख मार्गों से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।कलेक्टर ने कहा कि राजधानी रायपुर के समीप होने के कारण भखारा क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहां औद्योगिक पार्क, गढ़ कॉलोनी और पिपरिया के विकास के साथ आमातालाब को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इन प्रयासों से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।


प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सौंपी गई नए आवासों की चाबी

कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने नगर में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी।उन्होंने क्षेत्र के विकास में मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों को नवनिर्मित आवासों की चाबियां भी सौंपीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *