
वीबी-जी रामजी योजना से आठ विद्यालयों में निर्माण पूर्ण, जिले में 335 शौचालय बनाने का लक्ष्य
धमतरी। विद्यालयों में बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में धमतरी जिले ने उपलब्धि हासिल की है। वीबी-जी रामजी योजनांतर्गत बालिका शौचालय निर्माण में जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिले के अब तक आठ विद्यालयों में शौचालय निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि कुल 335 शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित है।निर्माण पूर्ण होने वाले विद्यालयों में धुमा, उमरदा, चुही, सिहावा, परसट्टी, डोमा, अंगारा तथा कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत कोटगांव के विद्यालय शामिल हैं। इस पहल की शुरुआत धुमा के प्राथमिक शाला परिसर से हुई थी, जहां जिले का पहला बालिका शौचालय बनाया गया। गांधी जयंती के अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने इसका लोकार्पण किया। वहीं, कोटगांव में आठवें शौचालय का निर्माण भी पूरा हो गया है।
बालिकाओं की गरिमा, निजता और स्वच्छता को प्राथमिकता
कलेक्टर ने कहा कि बालिकाओं के लिए पृथक, स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय उनकी गरिमा, स्वास्थ्य और नियमित उपस्थिति से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। जिले के सभी विद्यालयों में बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
गुलाबी रंग में सजे शौचालय, आधुनिक सुविधाओं से लैस
नवनिर्मित शौचालयों को आकर्षक गुलाबी रंग दिया गया है तथा उन पर ‘मेरी बेटी–मेरा स्वाभिमान’ का संदेश अंकित किया गया है। कोटगांव विद्यालय में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 4 लाख 30 हजार रुपये की लागत से लगभग 4.50 × 3.60 मीटर क्षेत्र में शौचालय का निर्माण किया गया है। इसमें पानी, हाथ धोने, प्रकाश, वेंटिलेशन, धुलाई क्षेत्र, सेनेटरी नैपकिन के सुरक्षित निपटान और रैम्प जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार बालिका शौचालय बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का ध्यान रखा जा रहा है, ताकि बालिकाओं को इन सुविधाओं का नियमित लाभ मिल सके।यह पहल बालिकाओं की निजता, स्वच्छता, स्वास्थ्य और स्वाभिमान को महत्व देने के साथ विद्यालयों में उनके लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

