धान उपार्जन केन्द्रों में प्राथमिक उपचार पेटी उपलब्ध कराने जन औषधि केन्द्रों की पहल

किसानों, हमालों और श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए शंकरदाह एवं भखारा जन औषधि केन्द्र करेंगे सहयोग, सस्ती दरों पर मिलेंगी आवश्यक दवाइयां

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों, हमालों, श्रमिकों एवं समिति कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसके तहत प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र शंकरदाह एवं भखारा द्वारा उपार्जन केन्द्रों के लिए प्राथमिक उपचार पेटी की आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग की गई है।

धान खरीदी केन्द्रों में किसानों और श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर

धान खरीदी के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान उपार्जन केन्द्रों में पहुंचते हैं। वहीं हमाल, मजदूर एवं समिति कर्मचारी भी खरीदी कार्य में जुटे रहते हैं। ऐसे में काम के दौरान मामूली चोट, कटने-छिलने, जलने अथवा अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार मिलना जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक उपार्जन केन्द्र में प्राथमिक उपचार पेटी की उपलब्धता उपयोगी साबित होगी।कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों, हमालों, श्रमिकों एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी धान उपार्जन केन्द्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप प्राथमिक उपचार पेटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके। वहीं संबंधित समितियों को धान खरीदी कार्य सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

बाजार से 70 से 80 प्रतिशत कम कीमत पर मिलेंगी सामान्य दवाइयां

प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र शंकरदाह एवं भखारा में सामान्य दवाइयां बाजार की तुलना में लगभग 70 से 80 प्रतिशत कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन केन्द्रों द्वारा उपार्जन समितियों की मांग के अनुसार प्राथमिक उपचार पेटी के लिए आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही प्रतिष्ठान अथवा कार्यालय तक पहुंचाने की सुविधा भी दी जा रही है।इस संबंध में अधिक जानकारी एवं आवश्यक सामग्री के लिए मोबाइल नंबर 9098116074 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *