
इंडोर स्टेडियम में होगी 1600 मीटर दौड़, प्रथम स्थान पर 5001 रुपये सहित तीन विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
धमतरी। भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी शारीरिक दक्षता को परखने के उद्देश्य से धमतरी में 15 नवंबर,को अग्निवीर महा-मैराथन का आयोजन किया जाएगा। निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र एवं मिलिट्री एकेडमी, धमतरी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में अभ्यर्थियों के बीच 1600 मीटर की दौड़ होगी। प्रतियोगिता सुबह 5 बजे से शहर के इंडोर स्टेडियम में शुरू होगी।
लिखित परीक्षा उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थी ही ले सकेंगे हिस्सा
आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के वे युवा ही हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। इसका उद्देश्य युवाओं में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना है, ताकि वे सेना भर्ती की आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 100 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों का पंजीयन एवं प्रवेश सुबह 4 बजे से 5 बजे तक ही किया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रथम विजेता को 5001, द्वितीय को 3001 और तृतीय को मिलेंगे 1001 रुपये
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5001 रुपये, द्वितीय को 3001 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1001 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।प्रतियोगिता में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड और अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा का प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, सेना भर्ती के तहत चिकित्सा परीक्षण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सुबह का नाश्ता एवं आवश्यक भोजन लेकर आने की सलाह दी गई है।आयोजकों ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे सभी पात्र युवाओं से निर्धारित समय पर इंडोर स्टेडियम पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

