

एलआईसी बीमा सखी योजना से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार और नियमित आय का अवसर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, कहा- महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज होगा सशक्त
धमतरी। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से सम्मानजनक पहचान दिलाने की दिशा में जिले में एलआईसी बीमा सखी योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिले में वर्तमान में 150 लखपति बीमा सखियां कार्यरत हैं। इनमें उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 70 बीमा सखी दीदियों को कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित कर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ प्रबंधक की उपस्थिति में दीदियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
एलआईसी बीमा सखी योजना से महिलाओं को रोजगार, आय और समाज में नई पहचान
जिला प्रशासन और भारतीय जीवन बीमा निगम के संयुक्त प्रयासों से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना, उन्हें आजीविका के नए अवसरों से जोड़ना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन बीमा और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बीमा सखी के रूप में महिलाएं स्वयं आय अर्जित करने के साथ अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों के परिवारों को भी जीवन बीमा, बचत और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के महत्व से परिचित करा रही हैं।इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता समाज के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है,जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है।कहा कि बीमा सखी के रूप में ग्रामीण महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ आर्थिक गतिविधियों में भी अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं,इससे उनकी आय और आत्मविश्वास में वृद्धि होने के साथ निर्णय लेने की क्षमता तथा सामाजिक पहचान भी मजबूत हो रही है।कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन बीमा और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में बीमा सखियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। गांव की महिलाएं स्थानीय परिवारों से सहज संवाद और विश्वास के आधार पर जुड़कर उन्हें बीमा सुरक्षा के महत्व की जानकारी दे रही हैं। उन्होंने सम्मानित दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी। उन्होंने बीमा सखियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इस पहल से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही संबंधित विभागों को महिलाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महिला उद्यमशीलता को प्रोत्साहन,70 बीमा सखियों को मिला सम्मान
भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ प्रबंधक ने बीमा सखी योजना की कार्यप्रणाली और इसके अंतर्गत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।बताया कि इस पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को बीमा क्षेत्र में कार्य करने, अपने कौशल का उपयोग करने और आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। बीमा सखियां अपने क्षेत्र में जीवन बीमा योजनाओं, बचत और वित्तीय सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।समारोह में निर्धारित आय एवं व्यवसाय संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली 70 बीमा सखी दीदियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।वहीं सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पहल से उन्हें आर्थिक आत्मविश्वास के साथ समाज में नई पहचान और सम्मान मिला है।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं भारतीय जीवन बीमा निगम के समन्वय से संचालित यह पहल ग्रामीण महिलाओं के कौशल और उद्यमशीलता को आजीविका के अवसरों से जोड़ रही है। इससे महिला स्वावलंबन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण परिवारों में वित्तीय जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा के प्रति समझ भी विकसित हो रही है।

